द्वारीखालपौड़ी

द्वारीखाल ब्लॉक के बागों गांव में भालू ने तोड़ी घर की छत, ग्रामीणों में दहशत

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड द्वारीखाल के अंतर्गत बागों गांव में रविवार रात भालू के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, भालू ने एक मकान की छत पर चढ़कर पठालें हटाते हुए घर की छत तोड़ दी।

 

मकान की छत पर स्कोश (पहाड़ी सब्जी) की बेल फैली हुई थी, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि भालू स्कोश खाने के लिए आया होगा। देर रात जब घर को उजाड़ने जैसी आवाजें आने लगीं, तो पास के मकान में सो रहे ग्रामीण बाहर निकल आए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तीन भालू जंगल की ओर भाग गए।

गनीमत यह रही कि जिस घर की छत भालू ने तोड़ी, उसमें उस समय कोई नहीं सो रहा था, अन्यथा कोई अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जंगली जानवरों का आना अब सामान्य बात हो गई है, लेकिन इस तरह मकान को नुकसान पहुँचाना चिंता का विषय है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *