खिर्सू को मिली विकास की सौगात: कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 17 योजनाओं का किया शिलान्यास
पौड़ी। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड खिर्सू को विकास की बड़ी सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यहां शिक्षा, पेयजल और सड़क निर्माण से जुड़ी 17 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में विद्यालयों के सौन्दर्यीकरण, पेयजल टैंकों के निर्माण तथा संपर्क मार्गों के निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और जीवन स्तर दोनों में सुधार होगा।
शिलान्यास की गई योजनाओं में राजकीय इंटर कॉलेज खण्डाह, सुमाड़ी, नवाखाल, मरखोड़ा, देवलगढ़ और कठुली, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उल्ली तथा प्राथमिक विद्यालय कमेड़ा के सौन्दर्यीकरण कार्य शामिल हैं। साथ ही सुमाड़ी-खण्डाह मार्ग, श्रीनगर-खिर्सू से जलेथा तथा मसूड़ गांव तक नए सड़क संपर्क मार्गों का निर्माण, ग्रामसभा ग्वाड़, कोठगी और कठूली में पेयजल टैंकों का निर्माण तथा राजकीय इंटर कॉलेज कठूली में विज्ञान प्रयोगशाला निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त विकासखंड खिर्सू के आवासीय भवनों के जीर्णोद्धार कार्यों की भी नींव रखी गई।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण स्कूलों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित कर बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में खिर्सू को मॉडल ब्लॉक के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां शिक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहलें देखने को मिलेंगी।
कार्यक्रम के बाद मंत्री ने नवनिर्वाचित प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं जिला पंचायत सदस्यों के सम्मान समारोह में भी प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
