जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने उद्योग मित्र बैठक में औद्योगिक विकास, स्वच्छता व निवेश प्रोत्साहन के लिए दिए निर्देश
कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कोटद्वार स्थित उद्योग विभाग सभागार में आयोजित “उद्योग मित्र बैठक” में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों की स्वच्छता, सुरक्षा, अपशिष्ट प्रबंधन, निवेश प्रोत्साहन और निर्यात बढ़ावा से संबंधित मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं, जिन्हें सशक्त योजना और बेहतर समन्वय से मूर्त रूप दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आजीविका संवाद के चैनल को निरंतर बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों की उत्पादकता, निर्यात क्षमता और कार्यस्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक उद्योग को निर्देशित किया कि आगामी पखवाड़े में उद्योगपतियों के साथ बैठक आयोजित कर विस्तृत निर्यात कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों को पौड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने हेतु प्रोत्साहित किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
औद्योगिक अपशिष्ट निस्तारण के संदर्भ में जिलाधिकारी ने कूड़ा वाहनों से संबंधित शुल्कों के नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिताबपुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध पार्किंग, सार्वजनिक स्थलों पर वाहन खड़ा कर शराब सेवन जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु पुलिस विभाग को गश्त बढ़ाने और चालान की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही, औद्योगिक आस्थानों के आसपास अवैध अतिक्रमण हटाने, मुख्य गेटों पर गेटकीपर तैनात करने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में उद्योगपतियों ने सिताबपुर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक को भूमि चिन्हित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि धनराशि की व्यवस्था की जा सके। दीपावली पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी ने पटाखा लाइसेंस स्वीकृति में सावधानी बरतने और वर्कर्स का सत्यापन सुनिश्चित करने के भी निर्देश पुलिस विभाग को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले के उद्योगों को प्रतिभाग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने जिले के स्थानीय व हर्बल उत्पादों को एक बैनर के अंतर्गत लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बेड़ू सहित अन्य उत्पादों की बाजार मांग के अनुसार ग्राहक-विक्रेता टाईअप सुनिश्चित करने पर बल दिया, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने बिजली बिलों की वसूली, एनपीए से संबंधित मामलों और पीएम विश्वकर्मा योजना पर भी चर्चा की। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने जिला उद्योग केंद्र परिसर में पौधरोपण कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सात वर्ष बाद आयोजित इस “उद्योग मित्र बैठक” में स्थानीय उद्योग प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में प्रशासन और उद्योग विभाग द्वारा मित्रवत संवाद के वातावरण में प्रतिभागियों के सुझावों को गंभीरता से सुना गया। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी एवं विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की बैठकें औद्योगिक समस्याओं के समाधान के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा देंगी।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन जीवन मोहन दगाड़े, नगर आयुक्त कोटद्वार पी.एल. शाह, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, अधिशासी अभियंता विद्युत नंदिता अग्रवाल, अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल सनी चौहान, अध्यक्ष सिडकुल निर्माता संघ सुनील गुप्ता, सचिव विवेक चौहान, सहायक श्रमायुक्त शैलेश सती, खंड शिक्षाधिकारी अमित चंद, एलडीएम मीनाक्षी शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
