पौड़ी

जिला पंचायत की पहली बोर्ड बैठक में 65.33 करोड़ का संभावित बजट पारित

पौड़ी गढ़वाल। जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पंचायत सभागार, पौड़ी में जिला पंचायत की पहली बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित जनसमस्याओं और विकासात्मक मुद्दों को विस्तारपूर्वक सदन के समक्ष रखा।

बैठक में छह समितियों का गठन किया गया तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 65 करोड़ 33 लाख रुपये का संभावित बजट पारित किया गया।

बैठक में मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग, पेयजल, सड़क, विद्युत, वन, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और ग्रामीण विकास विभागों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति और समस्याओं पर चर्चा की गई।

अध्यक्षा रचना बुटोला ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध निस्तारण जिला पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण और मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्याओं पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा। जहां भी पेयजल या विद्युत आपूर्ति में बाधा है, वहां विभागीय समन्वय के माध्यम से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने पर विशेष बल दिया जाए, ताकि जनता को सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ मिल सके।

बैठक में जिला पंचायत सदस्यों द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए गए। संबंधित अधिकारियों ने इन बिंदुओं पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया।

अध्यक्षा ने कहा कि जिला पंचायत का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय और सहभागिता के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी अभिमन्यु सिंह, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर मुख्य अधिकारी भावना रावत, सहित अन्य जिला पंचायत सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *