ढीली और जंग लगी तारों से ग्रामीण परेशान, शिकायतों के बावजूद भी समाधान नहीं
भैंसुड़ाखागल तोक में नंगी बिजली की तारें बनी जी का जंजाल
1999 में बिछी लाइन, अब जर्जर हालत में
पौड़ी। द्वारीखाल ब्लॉक की ग्राम पंचायत उत्तिण्डा के भैंसुड़ाखागल तोक में बिजली विभाग की नंगी तारें ग्रामीणों के लिए खतरा बन गई हैं। आधे गांव में प्लास्टिक कोटेड केबल लगी हुई है, जबकि बाकी घरों में आज भी पुरानी नंगी तारों से ही बिजली सप्लाई हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि तारें इतनी ढीली हो चुकी हैं कि अक्सर आपस में लिपटकर शॉर्ट-सर्किट जैसी स्थिति बना देती हैं, जिससे पूरे इलाके में बिजली बाधित हो जाती है। वर्ष 1999 में बिछाई गई इन तारों में जंग लग चुका है। विभाग ने कई घरों को अस्थायी तौर पर पोल से हुक लगाकर कनेक्शन दिया है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

धीरजलाल उर्फ राकेश गड़ोई ने बताया कि कई बार SDO सतपुली से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते तारें नहीं बदली गईं तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
