उत्तराखंडपौड़ी

सारकोट की तर्ज पर मुरान्यू बनेगा आदर्श ग्राम

सीडीओ गिरीश गुणवन्त ने खींचा विकास का खाका

पौड़ी। चमोली के सारकोट की तरह अब पौड़ी जनपद का दुगड्डा ब्लॉक स्थित मुरान्यू गांव आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गिरीश गुणवन्त ने ग्रामवासियों व अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई देने चाहिए।

बैठक में सीडीओ ने सबसे पहले बेसलाइन सर्वे कराने के निर्देश दिए ताकि ग्रामवासियों की वास्तविक जरूरतें और प्राथमिकताएं चिन्हित हो सकें। बीडीओ को विभागीय समन्वय के साथ क्लस्टर आधारित एवं एकीकृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए गांव में कॉमन वर्क शेड और मशरूम यूनिट स्थापित करने तथा प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय हुआ। ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में पंचायती भवन पर बड़े सोलर पैनल लगाने के निर्देश भी दिए गए।

विभागों को मिले खास निर्देश

कृषि विभाग को घेरबाड़ कार्य बढ़ाने के निर्देश।

उद्यान विभाग को क्लस्टर स्तर पर पाली हाउस स्थापित करने को कहा गया।

पशुपालन विभाग को कुक्कुट व गौपालन इकाइयां विकसित करने के निर्देश।

सिंचाई विभाग को खेतों की सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश।

ऊरेडा को नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं और सौर ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने पर बल।

मनरेगा में श्रम आधारित कार्यों को प्राथमिकता।

रीप के माध्यम से ग्रामीण अवसंरचना एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा।

एनआरएलएम के जरिए महिला समूहों की आजीविका संवर्धन गतिविधियां मजबूत करने पर जोर।

सीडीओ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य चयनित गांवों को आदर्श ग्राम बनाना है, जहां आजीविका संवर्धन, ऊर्जा समाधान, आधुनिक कृषि, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास एक साथ आगे बढ़ें। उन्होंने विश्वास जताया कि मुरान्यू गांव भी चमोली के सारकोट की तरह ग्रामीण विकास की नई मिसाल बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *