जागड़ा पर्व की तैयारियों को लेकर सतपाल महाराज ने दिए निर्देश, हिमाचल परिवहन मंत्री को लिखा पत्र
देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने 26-27 अगस्त 2025 को हनोल में आयोजित होने वाले जागड़ा पर्व की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधानसभा सत्र हेतु गैरसैंण रवाना होने से पूर्व उन्होंने सचिव पर्यटन, जिलाधिकारी, एसएसपी और एसडीएम चकराता से वार्ता कर पर्व की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

महाराज ने सड़कों की दुरुस्ती, स्वास्थ्य सेवाएं, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल आपूर्ति, भंडारे की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण हेतु पुलिस तैनाती, पार्किंग एवं ट्रैफिक नियंत्रण, शौचालयों की उपलब्धता तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परंपरा के अनुरूप जौनसार-भाबर एवं उत्तरकाशी क्षेत्र के विद्यालयों में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने पर भी जोर दिया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि जागड़ा पर्व में हिमाचल प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हिमाचल परिवहन निगम की बसें पूर्व की भांति चलाई जाएं। उन्होंने अनुरोध किया कि शिमला-हनोल-दसउ, नेरुवा-हनोल-दसउ तथा पोंटा-हनोल-दसउ मार्गों पर श्रद्धालुओं की यात्रा हेतु रोडवेज बस सेवाएं संचालित की जाए।
