उत्तराखंडयमकेश्वर

पंचायत चुनाव में शिक्षा, सड़क और समग्र विकास बना मुख्य मुद्दा

चोपड़ा मल्ला ग्राम प्रधान पद के लिए राजेंद्र सिंह थपलियाल (राजू भाई) की दावेदारी, प्राथमिकता में क्षेत्रीय सड़क और शिक्षा का विकास

यमकेश्वर। आगामी पंचायत चुनाव 2025 को लेकर ग्राम सभा चोपड़ा मल्ला से ग्राम प्रधान पद पर राजेंद्र सिंह थपलियाल (राजू भाई) ने अपनी दावेदारी पेश की है। वे अंग्रेजी में पोस्ट ग्रेजुएट हैं तथा 6 वर्षों के गेस्ट टीचर के रूप व्यायाम शिक्षक की सेवा दे चुके हैं।

राजेंद्र सिंह थपलियाल क्षेत्र की सामाजिक, शैक्षिक और भौगोलिक समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास और जनहित उनके चुनावी संकल्प के मुख्य आधार होंगे।

उन्होंने अपनी प्रथम प्राथमिकता बगोडगांव, नौगांव, चोपड़ा, सोनार गांव, ठठोल गांव व कटघर को जोड़ने वाली सड़क को बताया है, जो न केवल ऋषिकेश-कोटद्वार के बीच की दूरी को कम करेगी, बल्कि द्वारीखाल और यमकेश्वर ब्लॉक, उदयपुर व ढांगू पट्टी को भी जोड़कर क्षेत्रीय आवागमन को सुलभ बनाएगी।

सड़क निर्माण से ढांगू और उदयपुर पट्टी के बीच न केवल भौगोलिक दूरी कम होगी, बल्कि आपसी रिश्तों, प्रेम और सौहार्द को भी नया आयाम मिलेगा। अब तक दुर्गम मार्गों और लंबी दूरी के कारण जो सामाजिक व सांस्कृतिक मेलजोल सीमित था, वह इस संपर्क मार्ग के बनने से सहज और सुलभ हो जाएगा। शादी-ब्याह, पर्व-त्योहार और आपसी सहयोग जैसे पारंपरिक संबंधों को मजबूती मिलेगी और दोनों पट्टियों के गांवों के बीच आपसी एकता, सहयोग और भाईचारा और भी प्रगाढ़ होगा। यह सड़क केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता की मजबूत कड़ी बनेगी।

आगे उन्होंने कहा कि शिक्षा के अभाव के कारण हो रहे ग्राम पलायन को रोकना उनकी मुख्य प्रतिबद्धताओं में से है। वे युवाओं और छात्रों को गांव में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु कार्य करेंगे।

उन्होंने ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें जन समर्थन मिला तो वे पारदर्शिता के साथ विकास, सभी गांवों को जोड़ने की नीति, और जन सहभागिता आधारित नेतृत्व को अपनाएंगे। उनकी विकासोन्मुखी सोच और दूरदर्शिता को देखते हुए उन्हें ग्रामीण जनता से अपार समर्थन मिल रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *