उत्तराखंडऋषिकेश

स्वच्छ, सुरक्षित व हरित कांवड़ यात्रा सेवा प्रकल्प का परमार्थ निकेतन से शुभारंभ

*हर कांवड़िया बनेगा हरियाली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दूत* -: स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी

ऋषिकेश। श्रावण मास के पावन अवसर पर परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश से कांवड़ मेला सेवा प्रकल्प-2025 का शुभारंभ स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी के पावन सान्निध्य में किया गया। इस अवसर पर शासन, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन टीम के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने इस अवसर पर रूद्राक्ष का पौधा भेंट कर हरित कांवड़ यात्रा का संदेश दिया और शिवभक्तों से अपील की कि वे भक्ति के साथ प्रकृति-संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा, “जब कांवड़िया गंगा जल लेकर निकलता है, वह एक संकल्पधारी होता है। यदि वह इस यात्रा में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी जोड़े, तो यह यात्रा धार्मिक के साथ सामाजिक जागरूकता का माध्यम बन सकती है।”

भगवान शिव प्रकृति के संरक्षक

स्वामी जी ने कहा कि भगवान शिव ध्यानस्थ योगी हैं, जो प्रकृति के रक्षक हैं। उनकी जटाओं से गंगा की उत्पत्ति, गले में सर्प, वाहन नंदी — ये सभी प्रकृति से जुड़ाव के प्रतीक हैं। इसलिए शिवभक्ति के साथ हमें प्रकृतिपूजा का भी संकल्प लेना चाहिए।

सेवा और जागरूकता का संगम

परमार्थ निकेतन द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा मार्ग पर जल सेवा, चिकित्सा सहायता, पर्यावरण सुरक्षा और स्वच्छता जागरूकता की सेवाएं आरंभ की गईं।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने उत्तराखंड पुलिस, स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, और स्वच्छता कर्मियों का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में यह यात्रा सुरक्षा, सेवा और स्वच्छता का अद्भुत संगम बनेगी। उन्होंने युवाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष लगभग 95 प्रतिशत कांवड़ यात्री युवा हैं, जो परिवर्तन की नई लहर है।

पुष्पवर्षा से किया गया शिवभक्तों का भव्य स्वागत

परमार्थ निकेतन में कांवड़ यात्रा के शुभारंभ पर शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण वातावरण में स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त यात्रा और एक पौधा लगाने का संकल्प लिया।

उपस्थित गणमान्य व्यक्तित्व

इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी के साथ एसडीएम अनिल चन्याल, एसडीएम रेखा आर्या, एसएचओ संतोष कुमार, सीओ अनुज सिंह, विधायक यमकेश्वर श्रीमती रेणु बिष्ट, नगर पंचायत जौंक की अध्यक्ष श्रीमती बिंदिया अग्रवाल, सभासद श्री मुरली शर्मा, श्री जितेन्द्र धाकड़, श्रीमती रेणुका भंडारी, श्रीमती रूचि अवस्थी, श्री माधव अग्रवाल, श्री मनोज राजपूत, श्री नवीन राणा, श्रीमती शकुन्तला राजपूत, श्री भरतलाल, व्यापार मंडल प्रतिनिधिगण और अनेक जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

परमार्थ निकेतन की ओर से संदेश

परमार्थ निकेतन परिवार की ओर से सभी शिवभक्तों को श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं और आह्वान किया गया कि हर श्रद्धालु स्वच्छता, सुरक्षा और हरियाली को शिव-सेवा समझते हुए अपना योगदान दे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *