उत्तराखंडपौड़ी

पंचायत चुनाव 2025: पौड़ी में जिला पंचायत नामांकन पत्रों की जांच शुरू, एक नामांकन रद्द

पौड़ी। जिला पंचायत चुनावों के लिए दाखिल 181 नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। रिटर्निंग ऑफिसर बी.पी. यादव ने जानकारी दी कि पहले दिन कुल 93 नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिनमें से एक नामांकन पत्र को प्रस्तावक का नाम दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में पाए जाने के कारण रद्द कर दिया गया।

द्वारीखाल ब्लॉक की चांदपुर जिला पंचायत सीट से कुल 7 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन जांच के बाद प्रत्याशी और पूर्व सैनिक वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा, “मैंने हमेशा निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा की है। बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करता रहा हूं। कुछ प्रत्याशी केवल चुनाव के समय बरसाती मेंढकों की तरह आते हैं और धनबल से भोली-भाली जनता को भ्रमित करते हैं।” उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की कि इस बार जागरूक होकर मतदान करें और विकास के लिए सही प्रतिनिधि चुनें।

भाजपा समर्थित प्रत्याशी महेंद्र सिंह राणा, जो कुल्हाड़ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, ने कहा कि वे वर्षों से पंचायत की राजनीति में सक्रिय हैं और उनके विकास कार्यों के कारण ही जनता का विश्वास उन्हें मिला है।

यमकेश्वर ब्लॉक उमरोली सीट से प्रत्याशी सुदेश भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय दलों ने पर्वतीय क्षेत्रों की अनदेखी की है, जिससे जनता में रोष है। वहीं, उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी ने बताया कि पार्टी पहली बार पंचायत चुनावों में पूरी ताकत से उतर रही है और जन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है।

जिला पंचायत चुनावों को लेकर जनपद पौड़ी गढ़वाल में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जनता अब जागरूक होकर प्रत्याशियों से उनके बीते पांच साल का हिसाब मांग रही है। इस बार का चुनाव धनबल बनाम जनबल के बीच निर्णायक लड़ाई साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *