मालन नदी पुल पूर्णतः सुरक्षित, सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर होगी कार्रवाई-: लोनिवि
कोटद्वार। कोटद्वार भावर को जोड़ने वाले मालन नदी पुल को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर प्रसारित किए जा रहे एक भ्रामक वीडियो को संज्ञान में लेते हुए निर्माणदायी संस्था लोनिवि खण्ड दुगड्डा की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है।

लोनिवि खण्ड दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने जानकारी दी कि आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मालन नदी पुल का पुनर्निर्माण कार्य विभाग की तकनीकी निगरानी में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में पुल पूरी तरह से सुरक्षित है और सभी प्रकार के यातायात के लिए उपयोग में लाया जा सकता है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित झूठी और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता ने जनता को आश्वस्त किया कि मालन पुल की मजबूती और सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह से सजग और उत्तरदायी है।
