पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में तिमली ट्रस्ट की अनूठी पहल
*78 किलोमीटर साइकिल रैली को डीएम ने दिखाई हरी झंडी*
ऋषिकेश। श्री तिमली ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित 78 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली को आज जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नगर पंचायत जोंक स्थित गीता आश्रम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली गीता आश्रम से प्रारंभ होकर गरुड़चट्टी, घट्टूगाड, मोहनचट्टी, गैंड़खाल, देवीखाल, सिलोगी, चेलूसैंण, देवीखेत होते हुए तिमली गांव में संपन्न होगी।
कल शाम को शत्रुघ्न घाट ऋषिकेश में सायंकाल के समय श्रीगंगाजी का पूजन एवं गंगाजी की आरती के साथ तीन दिवसीय साइकिल रैली का विधिवत शुभारंभ हुआ। जिसमें शत्रुघ्न मंदिर के महंत मनोज द्विवेदी प्रपन्नाचार्य जी महाराज, महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, श्री तिमली ट्रस्ट के संस्थापक एवं साइकिल रैली के आयोजक आशीष डबराल, गढ़भूमि लोक संरक्षण समिति के अध्यक्ष आशाराम व्यास, क्रेजी फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक क्रेजी, हिमालयन योगपीठ से धनीराम बिंजोला आदि अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने तिमली ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रैली न केवल युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती है, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा देती है और साथ ही गांवों के प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि गढ़वाल की सुंदर वादियों को साइकिल के माध्यम से निहारना एक अनूठा अनुभव है, जो देश-विदेश के पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं और ऐसे आयोजन लोगों का ध्यान इन क्षेत्रों की ओर आकर्षित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की ओर से ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अपनी परंपराओं, हस्तशिल्प और स्थानीय खानपान को सहेजकर पर्यटकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे, जिससे न केवल क्षेत्रीय पहचान को बल मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक समृद्धि भी आएगी।
श्री तिमली ट्रस्ट के संस्थापक आशीष डबराल ने बताया कि गांव में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 35 उत्साही साइकिलिस्टों ने भाग लिया।
मोहनचट्टी में सभी प्रतिभागियों के लिए बाल मैत्री शिशु संस्थान के संस्थापक ऋषि कुमार कंडवाल की ओर से जलपान एवं चाय नाश्ते की व्यवस्था थी।
दोपहर एक बजे देवीखाल में भोजन करने के बाद सिलोगी व्यापार मंडल सिलोगी के अध्यक्ष संजीव जुयाल ने समस्त प्रतिभागियों को जलपान एवं बुरांश माल्टा का जूस पिलाया।
आज शाम साइकिल रैली ग्राम तिमली पहुंचेगी कल 20 अप्रैल को प्रमुख प्रशासक द्वारीखाल महेंद्र सिंह राणा प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे।
इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, गीता आश्रम के प्रबंधक भानु मित्र शर्मा, सहित शत्रुघ्न मंदिर के महंत मनोज द्विवेदी प्रपन्नाचार्य, वंशीलाल नौटियाल सुरेश बलूनी, धनीराम बिंजोला आदि उपस्थित थे।
