विश्व करुणा दिवस पर मानव सेवा का संकल्प, कोलकाता में पुनर्वास केंद्र का शिलान्यास
परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने एम.एस.एस. रिहैबिलिटेशन एंड रिसर्च सेंटर के नए केंद्र की रखी आधारशिला, दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल
कोलकाता। विश्व करुणा दिवस के अवसर पर मानवता, सेवा और संवेदना के संदेश के साथ एम.एस.एस. रिहैबिलिटेशन एंड रिसर्च सेंटर, यूनिट महावीर सेवा सदन, कोलकाता के नए केंद्र का शिलान्यास परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।

यह केंद्र उपचार, पुनर्वास और सहयोग की आवश्यकता वाले लोगों को नई आशा देने के साथ उन्हें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है।
शिलान्यास अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि करुणा का वास्तविक अर्थ दूसरों के दुःख को कम करने के लिए स्वयं आगे बढ़ना और किसी के जीवन में आशा बनकर पहुंचना है। सेवा तभी सार्थक होती है, जब जरूरतमंद को सहायता के साथ सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिले।
उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति का मूल संदेश ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ है। सेवा और परोपकार भारतीय संस्कृति के मूल मूल्य हैं। भगवान महावीर के अहिंसा, करुणा, अपरिग्रह और जीव मात्र के प्रति संवेदना के संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। परमार्थ निकेतन और महावीर सेवा सदन की यह पहल इन्हीं मानवीय मूल्यों को व्यवहार में उतारने का प्रयास है।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि दिव्यांगता अथवा शारीरिक चुनौतियां किसी व्यक्ति की प्रतिभा, सपनों और क्षमताओं की सीमा तय नहीं करतीं। उचित चिकित्सा, आधुनिक पुनर्वास सुविधाएं, अनुकूल वातावरण और सामाजिक सहयोग मिलने पर प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमताओं को पहचानकर सम्मानजनक जीवन जी सकता है। उन्होंने इस केंद्र को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद, पीड़ित और असहाय लोगों की सेवा करना ईश्वर की आराधना के समान है। नर सेवा ही नारायण सेवा है और मानवता की सेवा सबसे बड़ी साधना है।
उन्होंने कहा कि पुनर्वास केवल शारीरिक उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्ति के आत्मविश्वास, मानसिक संबल, सामाजिक सहभागिता और स्वतंत्र जीवन जीने की क्षमता को पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया है। एम.एस.एस. रिहैबिलिटेशन एंड रिसर्च सेंटर का नया केंद्र अनेक लोगों और उनके परिवारों के लिए आशा, सहयोग और आत्मनिर्भरता का आधार बनेगा।

