पौड़ी

राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली दिवस पर पौड़ी कोषागार में कार्यशाला आयोजित

पौड़ी। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली दिवस के अवसर पर गुरुवार को कोषागार पौड़ी में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) से संबंधित विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिफ्टवार प्रतिभाग किया।

कार्यशाला का उद्देश्य कार्मिकों को एनपीएस की प्रक्रियाओं, प्रावधानों एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा। मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद्र एवं एनपीएस विशेषज्ञ अमन रौथाण ने प्रतिभागियों को एनपीएस से संबंधित आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश दिए।

कार्यशाला में PRAN (स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या) के नए पंजीकरण, खाते में विवरण संशोधन, नामांकन अपडेट सहित एनपीएस खाते से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा डीडीओ पंजीकरण, लॉगिन प्रक्रिया तथा डीडीओ की भूमिका एवं दायित्वों के बारे में भी बताया गया।

कार्मिकों को अंशदान एवं मिलान वेतन से होने वाली कटौती, मिसिंग क्रेडिट तथा एनपीएस के अंतर्गत सामान्य सेवानिवृत्ति, समय पूर्व निकासी, आंशिक निकासी और मृत्यु अथवा दिव्यांगता की स्थिति में मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी गई।

इस दौरान सीआरए (प्रोटियन) पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के उपयोग का प्रशिक्षण देते हुए एनपीएस खाते का ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट डाउनलोड करने, खाते की स्थिति देखने तथा टियर-1 और टियर-2 से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यशाला में प्रतिभागियों ने एनपीएस से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों एवं विशेषज्ञ ने आवश्यक जानकारी देकर समाधान किया। कार्यशाला के माध्यम से कार्मिकों को एनपीएस की प्रक्रियाओं को समझने और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का प्रभावी उपयोग करने में सहायता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *