गांधी-शास्त्री जयंती पर पौड़ी में गूंजा सत्य, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश
पौड़ी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पौड़ी जिले में श्रद्धा और देशभक्ति के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट, न्यायालय, विकास भवन समेत सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान समेत अधिकारियों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों ‘रामधुन’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ का गायन किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राओं और भातखंडे हिन्दुस्तानी संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आदर्श बाल विद्यालय नंबर-5 के बच्चों ने गांधी और शास्त्री के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन आज भी सत्य, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जिस बदलाव की अपेक्षा हम समाज से करते हैं, उसकी शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए। स्वच्छता अपनाने, जरूरतमंदों की सहायता करने और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।
डीएम ने कहा कि प्रशासन को जनता से दूरी बनाकर नहीं, बल्कि जनता के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए। जनता से निरंतर संवाद और सहभागिता से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की। उन्होंने नागरिकों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
गांधी पार्क में शुरू हुई सड़क सुरक्षा पहल
गांधी जयंती के अवसर पर गांधी पार्क में सड़क सुरक्षा जागरूकता पहल का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने किया। आरटीओ बिमल चंद्र पाण्डेय ने पार्क में प्रदर्शित विभिन्न सड़क संकेतों, यातायात प्रणालियों और साइनेज की जानकारी दी।
आरटीओ ने बताया कि सड़क सुरक्षा पार्क का निर्माण जिलाधिकारी के अनटाइड फंड से किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों और आमजन को यातायात नियमों की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से देना है।
कार्यक्रम में बच्चों को सांप-सीढ़ी के खेल के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी ली और पार्क की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विकास भवन में भी मनाई गई जयंती
विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सभागार में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
सीडीओ ने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, जबकि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपनी कार्यप्रणाली में अपनाते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
गांधी जयंती पर जिले की विभिन्न तहसीलों और विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाकर अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान किया तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षु एसडीएम मीनाक्षी भाटिया, भातखंडे संगीत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध बिष्ट, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, ग्राम पंचायती राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, पीएम स्वजल दीपक कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी राम सलोने, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
