पौड़ी

टीबी के लक्षण, जांच और उपचार की दी जानकारी, जागरूकता पर जोर

पौड़ी। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से नगर पालिका सभागार में वार्ड सभासदों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. श्वेता नवानी ने सभासदों को टीबी रोग की पहचान, बचाव, जांच और उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. श्वेता नवानी ने बताया कि टीबी उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच और नियमित उपचार से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने सभासदों को टीबी के संभावित लक्षणों की पहचान करने, संदिग्ध मरीजों को जांच के लिए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने और उपचार के दौरान मरीजों को आवश्यक सहयोग देने की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभासद अपने-अपने वार्डों में लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच और उपचार के प्रति जागरूक करें तथा बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने में सहयोग दें। उन्होंने लोगों को लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपचार का पूरा कोर्स करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में वार्ड सदस्यों ने टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहयोग करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डॉ. कल्याणी तिवारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक विवेक घिल्डियाल, एसटीएस नीरज भंडारी सहित सभासद गौरव सागर, अरविंद रावत, शुभम रावत, प्रदीप असवाल और रेखा चौहान सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *