सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में हुए आंगन मिलन कार्यक्रम
पोषण, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, लाभार्थियों को वितरित की गईं पोषण किट
पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को पोषण किट और आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई।

विकासखंड पौड़ी के आंगनबाड़ी केंद्र बौंसरी में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय खाद्य सामग्री से तैयार रंगोली और पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान एक लाभार्थी को महालक्ष्मी किट दी गई। दो बच्चों का प्रवेशोत्सव मनाने के साथ एक बच्चे को जूते और ट्रैक सूट प्रदान किया गया। वहीं एक बालिका का जन्मोत्सव भी मनाया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र सतपुली मल्ली में आयोजित कार्यक्रम में तीन गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई, जबकि दो किशोरियों को टी-शर्ट प्रदान की गई। इस दौरान महिलाओं और लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।
इसी क्रम में विकासखंड द्वारीखाल के आंगनबाड़ी केंद्र खंडूड़ी और बौंठा में भी आंगन मिलन कार्यक्रम हुए। खंडूड़ी प्रथम केंद्र में भारत सरकार एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ और पात्रता के बारे में बताया गया। वहीं बौंठा केंद्र में गर्भवती महिला किरण देवी की गोद भराई की रस्म आयोजित कर उन्हें पोषण किट वितरित की गई।
बाल विकास परियोजना द्वारीखाल की सुपरवाइजर गीता सैलानी ने महिलाओं एवं लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। एएनएम निशा ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रमों में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं समुचित विकास पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रमों में ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारीखाल प्रीति अरोड़ा, मिशन आरम्भ अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि अभिषेक, ग्राम प्रधान कविता देवी, समूह अध्यक्ष बबीता देवी, आशा कार्यकर्ता सीमा देवी, रोजगार समूह अध्यक्ष आशा देवी, एएनएम निशा, आशा कार्यकर्ता कविता देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री गीता चौधरी सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, ग्रामीण महिलाएं और लाभार्थी मौजूद रहे।
