कोटद्वार में अवैध खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, खोह नदी में पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
पौड़ी। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में तहसील प्रशासन ने कोटद्वार क्षेत्र के झूला पुल के पास खोह नदी में छापेमारी करते हुए अवैध खनन कर रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज कर दिए। संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ चलानी कार्रवाई की जा रही है।

उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल के नेतृत्व में राजस्व टीम ने झूला पुल स्थित खोह नदी में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नदी में अवैध रूप से खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। टीम ने मौके पर ही सभी वाहनों को सीज करते हुए उन्हें कब्जे में ले लिया। साथ ही वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार चलानी कार्रवाई की जा रही है।
उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा आगे भी इस तरह की छापेमारी अभियान लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अवैध खनन में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
