पौड़ी

विकासखंड कोट की न्याय पंचायत कुंडी के पंचायत भवन पाली में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित

पौड़ी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड कोट की न्याय पंचायत कुंडी के अंतर्गत पंचायत भवन पाली में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को प्रदान किया गया।

शिविर में कुल 69 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के लिए प्रेषित किया गया। इसके अलावा 158 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।

शिविर की अध्यक्षता डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने की। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनके समयबद्ध समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। जो शिकायतें मौके पर हल नहीं हो पाई हैं, उन्हें संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित किया जाएगा।

डीएफओ ने यह भी कहा कि पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी, सहायक अभियंता लघु सिंचाई अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *