जयहरीखाल में ‘अफ़सर बिटिया’ कार्यक्रम आयोजित, बालिकाओं को शिक्षा व सशक्तिकरण के प्रति किया जागरूक
पौड़ी। बाल विकास परियोजना जयहरीखाल द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज मठाली में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत ‘अफ़सर बिटिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत बुके एवं शॉल भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम में सीडीपीओ डॉ. महबूब ख़ान ने बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बाल विवाह रोकथाम एवं घरेलू हिंसा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। पुलिस विभाग द्वारा साइबर अपराध, बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों से बचाव, संबंधित कानूनों एवं हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने बालिका स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसे गंभीर विषयों पर जागरूक किया।
खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा बालिका शिक्षा के महत्व, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी एवं नुक्कड़ नाटक जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख सुरेन्द्र सिंह नेगी, खंड शिक्षा अधिकारी अमित चंद, प्रधानाचार्य दीपक गौड़, पुलिस विभाग से इंस्पेक्टर हरीश चंद्र, चिकित्साधिकारी, महिला मंगल दल, अभिभावक, शिक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
