डॉ. शक्ति शैल कपरवाण को संविधान संशोधन समिति की अध्यक्ष की जिम्मेदारी
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं अनुभवी नेता डॉ. शक्ति शैल कपरवाण को संविधान संशोधन समिति का अध्यक्ष बनाया है। पार्टी की ओर से उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उनके अनुभव और बौद्धिक क्षमता पर भरोसा जताया गया है।

डॉ. कपरवाण लंबे समय से उत्तराखंड के मुद्दों से जुड़े रहे हैं और वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी के रूप में भी उनकी पहचान है। वे विधि सहित विभिन्न विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। उनके पास एलएलबी, पीएचडी, डी.लिट और एम.फिल जैसी कई शैक्षणिक उपाधियां हैं।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभव तथा शैक्षणिक पृष्ठभूमि का लाभ संगठन को मिलेगा। संविधान संशोधन समिति के अध्यक्ष के रूप में वे दल के संविधान से जुड़े विषयों और प्रस्तावित संशोधनों की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती की ओर से जारी मनोनयन पत्र में डॉ. कपरवाण से दल की नीतियों को जनता के बीच ले जाने, संगठन को मजबूत करने तथा राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय योगदान की अपेक्षा व्यक्त की गई है।
