पौड़ी

गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर पौड़ी में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

पौड़ी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जनपद पौड़ी गढ़वाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला कार्यालय सहित जनपद के विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

जिला कार्यालय में प्रातः 8 से 9 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान दोनों महापुरुषों के जीवन-दर्शन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। गांधी जी के अहिंसा, सत्य, स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया जाएगा।

कार्यक्रम में रामधुन एवं गांधी जी के भजनों का गायन, दोनों महापुरुषों के जीवन-वृत्त पर आधारित कार्यक्रम तथा ‘अन्त्योदय’, मानवतावादी एकता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता से संबंधित विचार प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही उनके आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।

विकास भवन में प्रातः 10:30 से 11:30 बजे तक गांधी जी के सिद्धांतों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें सत्याग्रह आंदोलन, असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह एवं व्यक्तिगत सत्याग्रह सहित गांधी जी के विचारों और आदर्शों पर चर्चा की जाएगी। ‘सादा जीवन, उच्च विचार’, मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा एवं सर्वधर्म समभाव को अपनाने का संदेश भी दिया जाएगा।

कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देने तथा सामाजिक भेदभाव एवं विषमता को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया जाएगा। इस दौरान गांधी जी के ग्राम स्वराज एवं खादी ग्रामोद्योग से जुड़े विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को भी स्मरण किया जाएगा।

जनपद के चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में भी गांधी जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *